भाजपा नेता ने “6 महीने तक टोल टैक्स फ्री कर जनता को राहत देने की उठाई मांग”
विकास राजपूत बोले — “महंगाई पर राजनीति नहीं, राहत की नीति चाहिए”
फर्रुखाबाद । देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों के बीच भाजपा नेता विकास राजपूत ने केंद्र सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसे हालातों के कारण ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर देश की जनता पर पड़ रहा है।

विकास राजपूत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को तुरंत नियंत्रित करना आसान नहीं है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के लिए देशभर में NHAI द्वारा संचालित सभी वाहनों का टोल टैक्स कम से कम 6 महीने के लिए फ्री कर सकती है।
उन्होंने कहा —“जब तक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक सरकार को टोल टैक्स माफ कर आम लोगों को राहत देनी चाहिए। इससे ट्रांसपोर्ट खर्च कम होगा और महंगाई पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।”
राजपूत ने कहा कि टोल टैक्स फ्री होने से पेट्रोल-डीजल से बढ़ने वाले भाड़े के दामों में कमी आएगी, जिससे रोजमर्रा के घरेलू उत्पादों पर महंगाई का असर कम पड़ेगा और आम आदमी को सीधा फायदा मिलेगा।
प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दिए सुझाव
विकास राजपूत ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सुझाव देते हुए आग्रह किया कि यदि देशभर में टोल टैक्स फ्री किया जाता है, तो इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। उन्होंने पत्र में घरेलू गैस सिलेंडर पर अतिरिक्त सब्सिडी देने एवं किसानों को डीजल खरीद पर सब्सिडी उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।
किसानों के लिए डीजल सब्सिडी की मांग ।
भाजपा नेता ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि खेती और सिंचाई के लिए किसानों को बड़ी मात्रा में डीजल की आवश्यकता होती है। ऐसे में सरकार को अस्थायी तौर पर कृषि कार्य हेतु डीजल पर सब्सिडी प्रदान करनी चाहिए, ताकि किसानों की लागत कम हो सके और उनकी आय स्थिर बनी रहे।
गैस सिलेंडर पर अतिरिक्त राहत की अपील ।
विकास राजपूत ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि गरीब परिवारों को राहत देने के लिए गैस सिलेंडर पर अतिरिक्त ₹200 से ₹300 तक की सब्सिडी दी जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार यदि टोल टैक्स, किसानों के डीजल और गैस सिलेंडर पर राहत देती है, तो इससे देश की आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और महंगाई के बोझ को कम करने में मदद मिलेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए विकास राजपूत ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी “ की सरकार देश के विकास और जनता के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि केंद्र सरकार आने वाले समय में देशहित और जनहित में बड़े फैसले लेगी।

