छत्रपति संभाजीनगर। एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद राज्य के राजनेताओं में हवाई यात्रा को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। इसी कड़ी में एक और मामला सामने आया है, जहाँ भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री पंकजा मुंडे की हेलीकॉप्टर यात्रा तकनीकी खराबी के चलते स्थगित करनी पड़ी।
पंकजा मुंडे जिला परिषद चुनाव प्रचार के सिलसिले में छत्रपति संभाजीनगर से लातूर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रवाना होने वाली थीं। उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट ने हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को तत्काल रोक दिया गया। पंकजा मुंडे अब वैकल्पिक हेलीकॉप्टर से लातूर पहुँचकर अपनी चुनावी बैठकों में शामिल होंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में एनसीपी नेता अजित पवार की बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। वे मुंबई से बारामती एक रैली को संबोधित करने के लिए रवाना हुए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद राज्यभर में हवाई यात्राओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि अजित पवार से पहले भी देश ने कई बड़े नेताओं को विमान हादसों में खोया है। वर्ष 2025 में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट 171 दुर्घटनाग्रस्त होने से मृत्यु हो गई थी। यह विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वहीं, वर्ष 2021 में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत का भी तमिलनाडु के कुन्नूर में Mi-17V5 हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हुआ था।
विशेषज्ञों का कहना है कि विमान या हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में बचने की संभावना बेहद कम होती है, इसी कारण हालिया घटनाओं के बाद हवाई यात्राओं में सुरक्षा मानकों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।

