कांग्रेस ने बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा
लखनऊ,। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवधि उपलब्धियों के बजाय विफलताओं, बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए याद की जाएगी।
बुधवार को जारी एक बयान में अजय राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए उपलब्धियों का उत्सव मना रही है, जबकि देश के युवा, किसान और आम नागरिक गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में 90 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश में दो दर्जन से अधिक परीक्षाएं शामिल हैं। उनके अनुसार इससे लाखों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि भाजपा ने हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में बेरोजगारी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को रोजगार देने में विफल रही है और बड़ी संख्या में लोग सरकारी राशन पर निर्भर हैं।
अजय राय ने महंगाई, कृषि क्षेत्र की समस्याओं और खाद की उपलब्धता को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
विदेश नीति के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि भारत की कूटनीतिक स्थिति पहले की तुलना में कमजोर हुई है। साथ ही उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों से राहत चाहती है तथा सरकार को इन मुद्दों के समाधान के लिए गंभीर प्रयास करने चाहिए।
TIMES OF TAJ
📞 समाचार एवं विज्ञापन के लिए : 9368313783
📧 Email : timesoftaj@gmail.com
🌐 Website : timesoftaj.com

