मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की दिशा में ऐतिहासिक पहल: डॉ. मंजू भदौरिया
रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को सम्मान देने के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद
आगरा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के शुभारंभ पर जिला पंचायत आगरा की अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में शुरू की गई यह योजना प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की माताओं एवं बहनों को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है।
उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के लोककल्याण, सुशासन और सेवा के आदर्शों से प्रेरित यह योजना बुजुर्ग माताओं और बहनों की यात्रा को सुगम बनाने के साथ उनके सम्मान एवं आत्मविश्वास को भी मजबूती प्रदान करेगी। रक्षाबंधन के अवसर पर मातृशक्ति को निःशुल्क बस यात्रा का यह उपहार महिला सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
डॉ. भदौरिया ने बताया कि जनपद एटा के सभागार में आयोजित योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण में सहभागिता की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के सम्मान में उठाया गया यह कदम समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा। इससे प्रदेश की बुजुर्ग माताएं एवं बहनें अधिक सुगमता और आत्मविश्वास के साथ आवागमन कर सकेंगी।
डॉ. मंजू भदौरिया ने आगरा की समस्त मातृशक्ति की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश की माताओं एवं बहनों के लिए सम्मान और सुविधा का महत्वपूर्ण उपहार है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मातृशक्ति उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।
