हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेत्री रविवार दोपहर करीब 2 बजे पहुंचीं ताजमहल, स्थापत्य कला और खूबसूरती को निहारा
आगरा। बॉलीवुड अभिनेत्री एवं हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत रविवार को विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल का दीदार करने आगरा पहुंचीं। दोपहर करीब दो बजे उनके ताजमहल परिसर में पहुंचते ही पर्यटकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग उत्सुक नजर आए।
ताजमहल परिसर में कंगना रनौत की मौजूदगी की खबर फैलते ही उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान उन्होंने प्रेम के प्रतीक ताजमहल की बेमिसाल खूबसूरती, भव्य स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत को करीब से निहारा।
कंगना रनौत के वीआईपी भ्रमण को देखते हुए थाना ताज सुरक्षा पुलिस, पर्यटन पुलिस और सीआईएसएफ के जवानों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ व्यवस्था संभाली, जिससे कंगना का भ्रमण संपन्न होने के साथ ही आम पर्यटकों को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
रविवार होने के कारण ताजमहल में पहले से ही देशी-विदेशी पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। ऐसे में बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के आगमन ने ताजमहल की रौनक और पर्यटकों का उत्साह और बढ़ा दिया।
कुल मिलाकर कंगना रनौत का ताजमहल भ्रमण रविवार को स्मारक परिसर में आकर्षण का खास केंद्र बना रहा।
