नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सोरों रोड से मुख्य चौराहे तक हटवाया गया अवैध कब्जा; दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
नूरूल इस्लाम | कासगंज।
कस्बा सहावर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों तथा सरकारी नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। बुलडोजर को देखकर कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही अपनी दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को खुद हटाना शुरू कर दिया।
नगर पंचायत सहावर के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार निषाद के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कोतवाली प्रभारी रितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अभियान की शुरुआत सोरों रोड से चांडी रोड तिराहे से हुई, जो बंगला कुरैशी मोहल्ला मोड़ होते हुए मुख्य चौराहे तक चलाया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों के सामने रखे सामान को हटवाया। सड़क किनारे लगे ठेलों को भी हटाया गया। सरकारी नालों और सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर की कार्रवाई देखकर कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे लगे जाल और अन्य अतिक्रमण को स्वयं तोड़ना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जाम से मिलेगी राहत
सहावर से गुजरने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण कस्बे में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन की इस कार्रवाई को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
