नूरुल इस्लाम
कासगंज।समाज सेवी दवा कारोबारी को”डिजिटल अरेस्ट” कर 31 लाख ठग लिए 12 मार्च से लगातार डिजिटल अरेस्ट कर मानसिक उत्पीड़न किया।

कस्बा गंजडुंडवारा के मोहल्ला खेरू निवासी दवा कारोबारी समाज सेवी बुजुर्ग 72 वर्षीय मुहम्मद स्वालेह अंसारी को खुद को पुलिस, सीबीआई और एन आई ए का अधिकारी बताने वाले शातिरों ने डिजिटल अरेस्ट कर डरा धमका 31 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। ठगों ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए बुजुर्ग को इस कदर मानसिक दबाव में रखा कि उन्होंने दो किश्तों में आरटीजीएस के माध्यम से 31 लाख की पूरी रकम ट्रांसफर कर दी।

पीड़ित के अनुसार 12 मार्च को उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को “डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया” की अधिकारी प्रिया शर्मा बताया। उसने दावा किया कि 25 फरवरी को मुंबई में उनके नाम से बैंक खाता खोलकर आतंकियों को धन भेजा गया है। इसके बाद “पुलावा मुंबई हेडक्वार्टर” में दर्ज कथित केस का हवाला देकर पूरे मामले को बेहद गंभीर बताकर डर का माहौल बनाया गया, और अपने नेटवर्क के लोगों से सम्र्पक करवाया गया। यह भी कहाँ गया कि उक्त आतंकियो के स्थान पर छापेमारी मे उनका आधार कार्ड भी मिला है। इस दौरान उन सम्बंधित 6 आतंकियो के पोस्टर भी उन्हें भेजे गए।12 से 19 मार्च के बीच ठग लगातार फोन पर निर्देश देते रहे। इस दौरान पीड़ित को कमरे में अकेले रहने, किसी से बातचीत न करने और हर दो घंटे में वीडियो कॉल पर “रिपोर्ट” देने के लिए मजबूर किया गया। इसी दौरान निगरानी मे उनसे आरटीजीएस फॉर्म भरवाए गए और पहली किश्त में 26 लाख तथा दूसरी किश्त में 5 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। ठगी के दौरान शातिरों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जांच के बाद पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इसी झांसे में आकर पीड़ित लगातार उनके संपर्क में बने रहे और उन्हें भरोसा होता गया कि पैसा सुरक्षित वापस मिल जाएगा।ठगों ने यहीं नहीं रुकते हुए पीड़ित पर और रकम भेजने का दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिसके चलते वह अपनी एफडी तुड़वाने की तैयारी करने लगे थे। लगातार डर और मानसिक दबाव के कारण वह ठगों के झांसे में पूरी तरह फंस चुके थे।
घर की बच्ची ने फोन पर संदिग्ध मैसेज देखे और परिजनों को जानकारी दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब घर में एक बच्ची ने पीड़ित के फोन पर संदिग्ध मैसेज देखे और परिजनों को जानकारी दी। परिवार ने तुरंत हस्तक्षेप कर आगे की रकम ट्रांसफर होने से रोक दिया, जिससे और बड़ी ठगी टल गई।मामले मे पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। साइबर सेल की सलाह पर थाना गंजडुंडवारा में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है। पीड़ित ने पुलिस को सभी ट्रांजेक्शन डिटेल, व्हाट्सएप चैट और संदिग्ध मोबाइल नंबर सौंप दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, सरकारी एजेंसी के नाम पर बनाए गए दबाव या “डिजिटल अरेस्ट” जैसे झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें और नजदीकी थाने को सूचना दें।

