आगरा। महाविद्यालय परिसर में इन दिनों नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए समाज को महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।

प्राचार्या प्रो० वंदना अग्रवाल के संरक्षण में आयोजित इस अभियान में पदयात्रा, मानव श्रृंखला, नारी शक्ति दीवार और हस्ताक्षर अभियान जैसे कई रचनात्मक कार्यक्रम हुए। पदयात्रा का नेतृत्व एन०सी०सी० प्रभारी प्रो० नीलम कान्त ने किया, जिसमें करीब 80 छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने जोश और उत्साह के साथ नारे लगाते हुए महाविद्यालय से सदर बाजार तक जागरूकता रैली निकाली।
इसके साथ ही, प्रो० किरन सिंह के निर्देशन में मानव श्रृंखला बनाकर महिलाओं की एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया गया। नारी शक्ति दीवार पर छात्राओं और प्रवक्ताओं ने अपने विचार लिखकर यह संदेश दिया कि महिलाओं की भागीदारी से ही समाज और लोकतंत्र मजबूत बनता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का वातावरण ऊर्जा और जागरूकता से भरपूर रहा। अंत में मिशन शक्ति प्रभारी डॉ० चंचल देवी ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता का संदेश भी देने में सफल रहा।

