भारत में हर वर्ष 30 मई को “हिंदी पत्रकारिता दिवस” मनाया जाता है। यह दिन केवल एक तिथि नहीं बल्कि हिंदी भाषा, जनजागरण और लोकतंत्र की उस ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक है जिसने समाज को सोचने, समझने और सच बोलने की ताकत दी।
30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित भारत के प्रथम हिंदी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” का पहला अंक प्रकाशित हुआ था।
इसी ऐतिहासिक शुरुआत की स्मृति में हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है।
हिंदी पत्रकारिता : एक मिशन की शुरुआत
हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत किसी व्यापार या लाभ के उद्देश्य से नहीं हुई थी। यह समाज को जागरूक करने, जनता की आवाज उठाने और देश में चेतना फैलाने का मिशन था।
उस दौर में पत्रकारिता आसान नहीं थी। न संसाधन थे, न आधुनिक तकनीक और न ही आर्थिक सहयोग। फिर भी पत्रकारों ने अपनी कलम को जनता की ताकत बनाया।
स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी पत्रकारिता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अखबारों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनमत तैयार किया और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई।
पत्रकारिता का बदलता स्वरूप
समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप बदलता गया। अखबारों से शुरू हुआ यह सफर रेडियो, टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है।
आज हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है और हर सेकंड खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तकनीक ने पत्रकारिता को तेज बनाया है, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं।
सबसे बड़ी चुनौती : विश्वसनीयता
आज हिंदी पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ा सवाल उसकी विश्वसनीयता को लेकर खड़ा है। “सबसे पहले खबर” दिखाने की होड़ में कई बार “सही खबर” पीछे छूट जाती है।
टीआरपी, विज्ञापन, राजनीतिक दबाव और बाजारवाद ने पत्रकारिता के मूल स्वरूप को प्रभावित किया है। कई जगह खबरों से ज्यादा सनसनी को महत्व दिया जा रहा है। पीत पत्रकारिता और फर्जी खबरों का बढ़ता प्रभाव समाज के लिए चिंता का विषय है।
पत्रकार और संघर्ष
पत्रकारिता का ग्लैमर जितना बाहर से दिखाई देता है, वास्तविकता उतनी ही कठिन है। छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले अनेक पत्रकार आज भी आर्थिक संघर्षों से गुजर रहे हैं।
कई ईमानदार पत्रकार सीमित संसाधनों में सच को सामने लाने का काम कर रहे हैं। उनके सामने नौकरी का दबाव, राजनीतिक हस्तक्षेप और आर्थिक असुरक्षा जैसी चुनौतियां हैं। फिर भी वे लोकतंत्र की आवाज बने हुए हैं।
हिंदी पत्रकारिता का भविष्य
डिजिटल युग में हिंदी पत्रकारिता का भविष्य बेहद व्यापक है। आज हिंदी भाषा का पाठक वर्ग तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीण भारत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक हिंदी समाचारों की पहुंच मजबूत हुई है। लेकिन भविष्य केवल तकनीक से सुरक्षित नहीं होगा। पत्रकारिता का भविष्य उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनसरोकारों से तय होगा।
जरूरत इस बात की है कि पत्रकारिता फिर से “मिशन” बने, केवल “कमीशन” नहीं।
हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि आत्ममंथन का भी दिन है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि पत्रकारिता का असली उद्देश्य सत्ता की चाटुकारिता नहीं बल्कि समाज को सच दिखाना है। जब तक कलम सच लिखती रहेगी, लोकतंत्र जीवित रहेगा।
और अंत में —
“पत्रकारिता केवल खबर लिखना नहीं,
समाज की चेतना को जीवित रखना है।”
विशेष लेख – अज़हर उमरी

