कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
आगरा/नोएडा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को ई-लैंड अपैरल लिमिटेड द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। नोएडा सेक्टर-68 स्थित कंपनी परिसर में आयोजित इस अभियान के दौरान लगभग 20 पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के लिए बरगद, नीम, पीपल और जामुन जैसे पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों का चयन किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी ताहिर अली ने की। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य की नींव है। इस अवसर पर कंपनी द्वारा शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे तथा लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न गतिविधियों और जागरूकता अभियानों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ताहिर अली, नंजय,मगेंदर शर्मा, विकास सिंह, योगेश कुमार, कपिल कुमार, प्रिया पालिवाल, बॉबी चाहर , प्रगति, दिव्या पाठक, सुभाष,उपेंद्र, दुश्यंत सहित अनेक कर्मचारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने न केवल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया, बल्कि समाज को भी हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। कंपनी प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

