आगरा,।डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के पालीवाल पार्क परिसर स्थित बृहस्पति भवन में आज कुलपति सचिवालय में वर्ष 2011 से संविदा के आधार पर सहायक कुक के पद पर कार्यरत श्रीमती शमीम बानो के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी ने की, जबकि कुलसचिव अजय मिश्रा सहित कुलपति सचिवालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी गरिमामयी सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं।
अपने सरल, सौम्य एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के कारण श्रीमती शमीम बानो विश्वविद्यालय परिवार में सदैव सम्मान और स्नेह की पात्र रहीं। वक्ताओं ने कहा कि जीवन की कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने अद्भुत साहस और दृढ़ता का परिचय दिया। पति के असामयिक निधन के बाद, जब उनके बच्चे बहुत छोटे थे, तब उन्होंने विश्वविद्यालय में निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और अपने बच्चों को शिक्षित कर उन्हें जीवन में एक सम्मानजनक मुकाम तक पहुंचाया।
समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके संघर्ष, मेहनत और समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। सभी ने कहा कि श्रीमती शमीम बानो का जीवन यह संदेश देता है कि कठिन परिस्थितियां व्यक्ति की राह अवश्य कठिन बनाती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम से हर चुनौती पर विजय प्राप्त की जा सकती है।
श्रीमती शमीम बानो की एक विशेष पहचान उनकी जरदोजी कला में दक्षता भी रही है। उनकी इस अद्वितीय प्रतिभा का लाभ विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान की छात्राओं को भी मिला। उन्होंने संस्थान में आयोजित 10 दिवसीय जरदोजी कार्यशाला में प्रशिक्षण प्रदान कर अनेक छात्राओं को पारंपरिक हस्तकला की बारीकियों से परिचित कराया और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित किया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. आशा रानी जी ने कहा, “श्रीमती शमीम बानो का जीवन संघर्ष, आत्मविश्वास और कर्मनिष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और अपने परिश्रम से अपने परिवार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विश्वविद्यालय परिवार उनकी सेवाओं को सदैव सम्मान के साथ स्मरण करेगा। मैं उनके स्वस्थ, सुखद, सम्मानपूर्ण एवं आनंदमय जीवन की नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।”
समारोह के दौरान वातावरण भावुक हो उठा और उपस्थित सभी कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए वर्षों की स्मृतियों को साझा किया। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में कुलदीप यादव, अतुल सक्सेना, चेतन, नेपाल, मिनेश, निखिल शर्मा, अरविंद गुप्ता, गवेन्द्र, आदि सहित कुलपति सचिवालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“परिश्रम और आत्मविश्वास से कठिनाइयों को अवसर में बदलने वाली कर्मयोगिनी को विश्वविद्यालय परिवार का सम्मानपूर्ण सलाम”

