लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले देशभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष मंत्रालय 14 जून को एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित करने जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से एक साथ सबसे अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी अभियान में उत्तर प्रदेश सहित देशभर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी उच्च शिक्षण संस्थानों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
आयुष मंत्रालय तथा हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह विशेष योग सत्र 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, जिससे देशभर के प्रतिभागी एक साथ जुड़ सकेंगे।
यूजीसी ने अपने निर्देशों में कहा है कि सभी उच्च शिक्षण संस्थान इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें। यह पहल न केवल योग के प्रति लोगों को प्रेरित करेगी, बल्कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून से पूर्व आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

