लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस के 32,679 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेशभर में यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
भर्ती बोर्ड ने गृह विभाग के साथ मिलकर सभी 75 जिलों में स्थापित परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और नोडल अधिकारियों के साथ व्यापक पूर्वाभ्यास (मॉक ड्रिल) किया। इस दौरान जिन केंद्रों पर कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो और परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा नीली या काली स्याही वाले पेन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य वस्तु को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ब्लूटूथ डिवाइस, मेटा चश्मे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि धार्मिक प्रतीकों जैसे कलावा और मंगलसूत्र पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को रोका नहीं जाएगा। वहीं महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला सुरक्षा कर्मियों द्वारा ही ली जाएगी।
परीक्षा की सुरक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की ई-केवाईसी और आइरिस सत्यापन किया जाएगा। भर्ती बोर्ड ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, कंट्रोल रूम से उनकी कनेक्टिविटी, पेयजल, शौचालय तथा धूप से बचाव के लिए टेंट जैसी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया है।
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन लेकर न जाएं।
प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

