मुरादाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच शनिवार को सिविल लाइंस स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रही। बैठक में उस समय उत्साह का माहौल बन गया जब ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुजाहिद अली ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उनकी वापसी को कार्यकर्ताओं ने संगठन के लिए बड़ी मजबूती बताते हुए फूल-मालाओं और नारों के साथ भव्य स्वागत किया।
बैठक की अध्यक्षता जयवीर सिंह यादव ने की, जबकि संचालन फुरकान अली ने किया। इस दौरान जिले भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
अपने संबोधन में मुजाहिद अली ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा ही सामाजिक न्याय और विकास का वास्तविक रास्ता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करने के लिए वह पूरी ताकत से काम करेंगे।
मुजाहिद अली ने खुलासा किया कि 16 मई 2026 को उनकी मुलाकात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से हुई थी। उन्होंने नेतृत्व से आग्रह किया है कि ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और जिस प्रत्याशी की जीत की संभावना सबसे अधिक हो, उसे टिकट दिया जाए। उनका कहना था कि पार्टी हित सर्वोपरि है और जीत सुनिश्चित करने के लिए सही उम्मीदवार का चयन आवश्यक है।
बैठक में वक्ताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से निराश है और वर्ष 2027 में बदलाव का माहौल बन रहा है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।
इस अवसर पर शावेज अली, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद हुसैन, प्रधान फरासत, शौकत, मोहम्मद नबी, नेता नजाकत, शाकिर, बिलाल, आरिफ चौधरी, जाकिर और दिलावर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की विजय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। मुजाहिद अली की वापसी को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिससे ठाकुरद्वारा विधानसभा की राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

