आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र की नीतिबाग चौकी अंतर्गत नई आबादी पक्की सराय में मंगलवार शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। मदीना मस्जिद के निकट स्थित एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक महिला को भी चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छज्जा गिरने से पापड़ और भेलपुरी बेचकर आजीविका चलाने वाले रमेश राठौर (65 वर्ष) निवासी तुलसी नगर, गौबर चौकी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए राजपुर चुंगी स्थित उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
वहीं मलबे में दबे फैसल उर्फ बाबू (11 वर्ष) पुत्र शानू कुरैशी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फैसल स्थानीय एम.आर. मॉडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में परवीन पत्नी जाफर भी घायल हुई हैं, जिनके पैर में चोट आई है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया तथा क्षेत्र की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान का छज्जा लंबे समय से जर्जर अवस्था में था।
हादसे की सूचना मिलते ही ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए-मुस्लेमीन के प्रदेश संयुक्त सचिव मिर्ज़ा मुकर्रम बेग मुगल एस.एन. मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायल व्यक्तियों का हालचाल जाना तथा मृतक बालक फैसल के परिजनों, विशेष रूप से उसके पिता शानू कुरैशी से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और गम का माहौल है। मृतक बालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय नागरिक घायल बुजुर्ग के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

