आगरा, । यमुना नदी की सफाई, संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग को लेकर महानगर यूथ कांग्रेस आगरा ने सोमवार को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
यूथ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अरसल अहमद के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि यमुना नदी लगातार बढ़ते प्रदूषण, गंदे नालों, सीवेज तथा औद्योगिक अपशिष्टों के कारण गंभीर संकट का सामना कर रही है। नदी की बिगड़ती स्थिति न केवल पर्यावरण के लिए चिंता का विषय है, बल्कि आगरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को भी प्रभावित कर रही है।
ज्ञापन में यमुना में गिरने वाले गंदे नालों को तत्काल बंद करने, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों को उनकी पूर्ण क्षमता से संचालित करने, प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा नदी की नियमित सफाई और संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि यमुना आगरा की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन को तत्काल ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसके दूरगामी दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं।
यूथ कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू करने की मांग भी की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अमित सिंह, मनोज जैन बोहरा, अनुज शिवहरे, अज़हर वारसी, आरिफ वारसी, ताहिर हुसैन, अरशद खान, विवेक सिंह, विकास माहोर, बंटी ख़ान, फ़रमान कुरैशी, ज़िशान खान, सलमान कुरैशी, साहिल, अर्शिल, मोज्ज़म, दीपक, कैफ़, शोएब ख़ान, फ़ैज़ान, शानू, समीर सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

