फ्रेंडली पुलिसिंग, मिशन शक्ति और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था से जीता देश-विदेश के पर्यटकों का दिल
आगरा। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल पर आने वाले देश-विदेश के हजारों पर्यटकों की सुरक्षा में तैनात ताज सुरक्षा पुलिस इन दिनों अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, अनुशासित सुरक्षा व्यवस्था और फ्रेंडली पुलिसिंग के कारण चर्चा का केंद्र बनी हुई है। पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में ताजमहल परिसर में पर्यटकों को सुरक्षित, सहज और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।



सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर के कुशल नेतृत्व तथा प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलक राम भाटी के मार्गदर्शन में ताज सुरक्षा पुलिस ने सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। ताजमहल परिसर में तैनात पुलिसकर्मी न केवल पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, बल्कि उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान कर रहे हैं।
ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग को देशी और विदेशी पर्यटक विशेष रूप से पसंद कर रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि पुलिस कर्मियों का सहयोगात्मक व्यवहार और सतर्कता उनके पर्यटन अनुभव को और अधिक सुखद एवं यादगार बना रहा है।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ताजमहल पर आने वाली महिला पर्यटकों एवं स्कूली छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी सजग बनाया जा रहा है।
विदेशी पर्यटकों ने भी आगरा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी, व्यवस्थित और भरोसेमंद है। अनेक पर्यटकों ने पुलिस कर्मियों को धन्यवाद देते हुए उनके विनम्र व्यवहार और तत्परता की प्रशंसा की।
पर्यटकों का मानना है कि ताज सुरक्षा पुलिस की यह उत्कृष्ट व्यवस्था आगरा की सकारात्मक छवि को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। ताज सुरक्षा पुलिस की यह सराहनीय पहल देश और विदेश में आगरा पुलिस की प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ बना रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरन पाल सिंह तथा महिला आरक्षी सुनीता प्रमुख रूप से शामिल हैं।

