आगरा। सशक्त पीली सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी आगरा से मुलाकात कर नाज़िया इलाही के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नाज़िया इलाही द्वारा मुस्लिम धर्म के पैगम्बर के संबंध में कथित रूप से की गई टिप्पणी से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शबाना खंडेलवाल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नाज़िया इलाही के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि धर्म, मजहब, देवी-देवताओं, पैगम्बरों और धार्मिक महापुरुषों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नाज़िया इलाही के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) सहित उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई पर विचार किया जाना चाहिए। शबाना खंडेलवाल ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा कर सकती हैं, इसलिए ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाना आवश्यक है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारत सरकार से भी मांग की कि भविष्य में किसी भी धर्म, धर्मगुरु, पैगम्बर, देवी-देवता अथवा धार्मिक आस्था के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रावधान लागू किए जाएं, ताकि सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का सम्मान सुरक्षित रह सके।
उन्होंने कहा कि सशक्त पीली सेना सभी धर्मों के सम्मान और सामाजिक सौहार्द की पक्षधर है तथा किसी भी धर्म के विरुद्ध कथित अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करती है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

