लखनऊ। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से दो विशेष धार्मिक एवं पर्यटन पैकेजों की घोषणा की है। इन यात्राओं के जरिए यात्री दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ चार ज्योतिर्लिंगों और विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
आईआरसीटीसी, जो भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अधीन एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, देश में रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर विशेष पर्यटन ट्रेनों का संचालन करता है।
दक्षिण भारत धार्मिक यात्रा
पहला पर्यटन पैकेज 31 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक (11 रात एवं 12 दिन) संचालित किया जाएगा। यह भारत गौरव पर्यटक ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु तिरुपति बालाजी मंदिर (तिरुपति), रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग (मरकापुर) के दर्शन करेंगे।
इस ट्रेन में गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एवं ललितपुर स्टेशनों से चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
पैकेज में स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणी में रेल यात्रा, शाकाहारी नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन तथा एसी/नॉन-एसी बसों से स्थानीय भ्रमण शामिल है।
पैकेज शुल्क इस प्रकार है—
- स्लीपर क्लास: ₹23,560 प्रति व्यक्ति
- 3 एसी: ₹39,100 प्रति व्यक्ति
- 2 एसी: ₹51,760 प्रति व्यक्ति
4 ज्योतिर्लिंग एवं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा
आईआरसीटीसी का दूसरा विशेष पैकेज 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक (9 रात एवं 10 दिन) संचालित किया जाएगा।
इस यात्रा में श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर एवं सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, सिग्नेचर ब्रिज तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण करेंगे।
इस यात्रा के लिए भी वही बोर्डिंग स्टेशन उपलब्ध रहेंगे, जहां से दक्षिण भारत यात्रा संचालित होगी।
पैकेज शुल्क—
- स्लीपर क्लास: ₹18,380 प्रति व्यक्ति
- 3 एसी: ₹29,570 प्रति व्यक्ति
- 2 एसी: ₹38,870 प्रति व्यक्ति
LTC और EMI की सुविधा
आईआरसीटीसी ने बताया कि दोनों पर्यटन पैकेजों में LTC एवं EMI की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को भुगतान में सुविधा मिलेगी।
यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन कराई जा सकती है।
मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इच्छुक यात्री अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए 9236391923, 9236391908, 8287930908, 9236391925, 8303555714, 8287930926 एवं 9415042930 पर संपर्क कर सकते हैं।

