ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन का प्रथम स्थापना दिवस समारोह संपन्न, उद्योग हितों पर हुई व्यापक चर्चा
आगरा। ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन का प्रथम स्थापना दिवस समारोह फतेहाबाद रोड स्थित ग्रैंड मर्करी होटल में आयोजित किया गया। समारोह में उद्योग हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें अन्य ब्रशों पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लागू करने और आगरा के ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में शामिल करने की मांग प्रमुख रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल तथा नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि आगरा का ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग गुणवत्ता और नवाचार के बल पर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह उद्योग निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उत्तर प्रदेश सरकार इसके विकास के लिए हरसंभव सहयोग देगी।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि यदि यह उद्योग क्लस्टर मॉडल पर कार्य करे तो यह आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की वैश्विक पहचान बन सकता है। उन्होंने उद्योग को ओडीओपी योजना में शामिल कराने के प्रयासों की जानकारी भी दी।
संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार ने उद्योग से जुड़े उद्यमियों को विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए कर ढांचे में व्यावहारिक सुधार की आवश्यकता बताई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने कहा कि ओडीओपी में उद्योग को शामिल करना और जियो टैगिंग कराना संस्था की प्रमुख मांगों में शामिल है। उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक सचिव से भी मुलाकात करेगा।
संस्था के सचिव नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि टूथब्रश पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने के बाद अब बालों, शेविंग और सफाई में उपयोग होने वाले अन्य ब्रशों पर भी उत्पाद श्रेणी के अनुसार 5 प्रतिशत जीएसटी लागू किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे एमएसएमई इकाइयों को लाभ मिलेगा, उत्पादन और निर्यात बढ़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि ताज ट्रेपेजियम ज़ोन (टीटीज़ेड) में हाल ही में राहत पाने वाले 400 उद्योगों में से 13 उद्योग ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स क्षेत्र से जुड़े हैं, जो उद्योग के लिए उत्साहजनक है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही आगरा व्यापार मंडल के आगामी रक्तदान शिविर के लिए संस्था की ओर से 51,000 रुपये की सहयोग राशि और 500 रक्तदान पंजीकरण फॉर्म भी प्रदान किए गए।
समारोह में उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

