नई दिल्ली/भूटान: भूटान स्थित खोरलोछू हाइड्रो पावर लिमिटेड (KHPL) ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (PFC) के साथ 4,829 करोड़ रुपये के ऋण समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किए। इस समझौते में 950 करोड़ रुपये की अतिरिक्त ऋण सुविधा का प्रावधान भी शामिल है।
केएचपीएल, ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (DGPC) और टाटा पावर कंपनी लिमिटेड का संयुक्त उद्यम है। इसमें डीजीपीसी की 60 प्रतिशत और टाटा पावर की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह संयुक्त उद्यम भूटान में 600 मेगावाट की खोरलोछू जलविद्युत परियोजना का विकास कर रहा है।
परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 6,900 करोड़ रुपये है और यह 2029-2030 में चालू होने की उम्मीद है। DGPC के अनुसार, यह PFC का पहला सीमा पार वित्तपोषण है, जो भारत और भूटान के बीच बढ़ते स्वच्छ ऊर्जा सहयोग को दर्शाता है।
समझौते के अनुसार, परियोजना के वित्तपोषण और संचालन से दोनों देशों को ऊर्जा उत्पादन और आर्थिक सहयोग में मजबूती मिलेगी।

