जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत, राम दरबार की आरती उतारकर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद; राजतिलक की लीला के साथ तीन सप्ताह से चल रहे रामलीला मंचन का समापन
कासगंज। कस्बा सहावर में श्री रामलीला मेला कमेटी के तत्वावधान में भगवान श्रीराम की भव्य राजगद्दी शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा कस्बा जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया तथा राम दरबार की आरती उतारकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

शोभायात्रा का शुभारंभ गंज रोड स्थित बड़ी माता मंदिर से हुआ। अनिल गुप्ता ने फीता काटकर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। शोभायात्रा में सबसे आगे विजय पताका लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। सुसज्जित रथ पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण विराजमान थे। वहीं भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, सुग्रीव, अंगद, मां काली, भगवान शंकर, माता पार्वती और काली अखाड़े सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
शोभायात्रा स्टेट बैंक चौराहा, रेलवे रोड, सोरों रोड और बड़ा बाजार सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई रामलीला मंच पर पहुंची और गंज त्रिपोलिया पर संपन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक एवं पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी तथा मीडिया प्रतिनिधियों का पुष्पमालाएं पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
रात्रि में मोहल्ला कटरा बाजार में भगवान श्रीराम के राजतिलक की भव्य लीला का मंचन किया गया। इसी के साथ पिछले तीन सप्ताह से चल रहे श्री रामलीला मंचन कार्यक्रमों का श्रद्धा और उत्साह के बीच समापन हो गया।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी संरक्षक शिशुपाल वार्ष्णेय, अनिल गुप्ता, कमेटी अध्यक्ष सचिन गुप्ता, नवीन वार्ष्णेय, गौरव वार्ष्णेय सोनू, शिव कुमार टेलर, विवेक पाण्डेय, अर्पित राम मिश्रा, मुकुल, श्रवण कुमार वार्ष्णेय, आमोद सक्सैना, अमित गुप्ता, आकाश गुप्ता, गौरव सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
