बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का लिया जायजा, पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश
शोएब कादरी | एटा।
दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए एटा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के मद्देनजर सभी प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा जाए। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार भ्रमणशील रहकर सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने बाजारों में आमजन के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक अतिक्रमण और यातायात अवरोध की स्थिति उत्पन्न न होने देने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान डीएम और एसएसपी ने व्यापारियों, दुकानदारों एवं आमजन से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों एवं अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी सूचनाएं फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी रखने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और आपसी भाईचारे का पर्व है। प्रशासन का प्रयास है कि जनपद का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित महसूस करे और सभी लोग हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन आपसी समन्वय से पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
अस्वीकरण: इस समाचार में दी गई जानकारी उपलब्ध आधिकारिक विवरण पर आधारित है। इसका उद्देश्य जनहित में समाचार एवं सूचना प्रदान करना है।
