हापुड़:ब्रजघाट के मुख्य श्मशान घाट पर गुरुवार दोपहर को अफरा-तफरी मच गई जब अंतिम संस्कार के लिए लाई गई लाश को खोलने पर उसमें इंसान नहीं, बल्कि प्लास्टिक और कपड़े से बनी डमी मिली।
स्थानीय पंडों और मौजूद लोगों ने शव लाने वाली कार की जांच की तो उसमें दो और मानव आकार की डमी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर दिल्ली के पालम क्षेत्र के कमल कुमार सोमानी और उनके साथी उत्तम नगर के आशीष खुराना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कमल कुमार की करोलबाग स्थित कपड़े की दुकान पर 50-55 लाख रुपये का कर्ज था और दुकान लगातार घाटे में चल रही थी। उसने अपने सेल्समैन अंशुल कुमार के नाम से 50 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी ली और उसके मृत होने का झूठ फैलाकर बीमा राशि हड़पने की योजना बनाई।
कमल और आशीष ने मानव आकार की डमी को सफेद कपड़ों में सील कर श्मशान घाट लाया। अंतिम संस्कार के समय डमी का राज खुल गया। इसके अलावा कार की डिग्गी से दो और डमी बरामद हुई।
पुलिस ने कमल के फोन से अंशुल को वीडियो कॉल किया, जिसमें अंशुल पूरी तरह स्वस्थ नजर आए। अंशुल ने कहा कि वह 15 दिन पहले अपने गांव प्रयागराज गया था और उसे इस धोखाधड़ी का कोई ज्ञान नहीं था।
पुलिस आगे की जांच में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

