लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आज शाम 6 बजे प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा और कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया जाएगा।
राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में विशेष रूप से एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। इसमें पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत से जुड़ी टीमें हिस्सा लेकर आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी तैयारियों और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।
इस व्यापक अभ्यास में प्रदेशभर के करीब एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की भागीदारी रहेगी। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजते ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने, संभावित खतरे से बचाव करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने का अभ्यास कराया जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य युद्ध जैसी परिस्थितियों, हवाई हमले की चेतावनी और अन्य आपातकालीन हालात में नागरिकों की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है।
नागरिकों से अपील: मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं। यह एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
