नई दिल्ली। राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज लोकसभा में विशेष चर्चा शुरू होगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चर्चा का उद्घाटन करेंगे।
संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने जानकारी दी कि चर्चा आज दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 8 दिसंबर को वंदे मातरम पर विशेष चर्चा होगी, जबकि 9 दिसंबर को चुनाव सुधारों पर बहस आयोजित की जाएगी।
इस विशेष चर्चा का उद्देश्य न केवल राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करना है, बल्कि संसद में सभी दलों को इसे मनाने और अपने दृष्टिकोण साझा करने का अवसर भी प्रदान करना है।

