आगरा। दावत-ए-इस्लामी इंडिया की सामाजिक इकाई GNRF (Global No-Drug Rehabilitation Foundation) द्वारा आगरा जनपद में चलाया जा रहा ‘Say No to Drugs’ नशा मुक्ति सप्ताह सराहनीय है। यह अभियान 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
लिटिल डॉली मोहम्मद रिज़वान ने इस पहल को काबिले-तारीफ बताते हुए आगरा के नागरिकों से अपील की है कि वे दावत-ए-इस्लामी के इस नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज को नशे जैसी गंभीर बुराई से बचाने में सहयोग करें।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन की ओर प्रेरित करना है। नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत शहर के विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनके माध्यम से आमजन को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया जा रहा है।
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। संस्था के पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नशा मुक्ति सप्ताह का आयोजन GNRF आगरा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट हाजी शानू कुरैशी की अध्यक्षता में किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने में फैज़ल अत्तारी, अमन अल्वी, अफरोज़ अंसारी, शाहिद अली, नईम, फुरकान, ज़ाकिर भाई, अशफ़ाक, शाहरुख, आसिफ़, दिलशाद, रज़ा ख़ान सहित संस्था के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

