कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक रैली के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। इस दौरान ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनके पास केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पुख्ता सबूत मौजूद हैं।
रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा,
“मुझे छेड़ोगे तो छोड़ूंगी नहीं। मैं आमतौर पर प्रतिक्रिया नहीं देती, लेकिन अगर कोई मुझे परेशान करेगा तो चुप नहीं बैठूंगी।”
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि कोयला घोटाले का पैसा दिल्ली तक पहुंचा, और इसमें बीजेपी के शीर्ष नेताओं की संलिप्तता है। उन्होंने कहा,
“मेरे पास पेन ड्राइव में सबूत हैं, जिनसे यह साबित होता है कि कोयला घोटाले की रकम का इस्तेमाल किया गया और उसे अमित शाह तक भेजा गया।”
मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि इस कथित घोटाले में सुवेंदु अधिकारी की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे ये सबूत जनता के सामने पेश करेंगी।
ममता बनर्जी ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस न तो झुकेगी और न ही डरेगी।
हालांकि, बीजेपी की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

