आगरा । मेरठ से ताजमहल भ्रमण पर आए पर्यटक मोहम्मद राशिद की 6 वर्षीय पुत्री अनाया रविवार को अत्यधिक भीड़ के कारण पश्चिमी पार्किंग क्षेत्र में उनसे बिछड़ गई। भीड़ अधिक होने के कारण पिता बच्ची को खोजते-खोजते आगे निकल गए, जबकि मासूम अनाया वहीं अकेली रह गई।
पश्चिमी पार्किंग क्षेत्र में तैनात गोल्फ कार्ट मैनेजर की नजर जब अकेली बच्ची पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल ताज सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू कराई।
पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट, आरटी सेट मैसेज तथा मौके पर तैनात जवानों की सहायता से महज 30 मिनट के भीतर मासूम के पिता को खोज निकाला गया और बच्ची को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों से मिला दिया गया।
बच्ची अनाया से मिलते ही माता-पिता के चेहरे पर खुशी लौट आई। पिता मोहम्मद राशिद ने पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई, सहयोग और संवेदनशील व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में पुलिस टीम के सदस्य उप निरीक्षक सौरभ मिश्रा और महिला आरक्षी मीनू की अहम भूमिका रही।

