लखनऊ। राज्य सरकार ने जनवरी 2026 के अवकाश कैलेंडर में संशोधन करते हुए बड़ा फैसला लिया है। पहले जहां 14 जनवरी 2026 को केवल निर्बंधित (वैकल्पिक) अवकाश घोषित किया गया था, अब उसकी जगह 15 जनवरी 2026, गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
गौरतलब है कि 17 नवंबर 2025 को जारी की गई अवकाश सूची के अनुसार 14 जनवरी को निर्बंधित अवकाश रखा गया था, जिसमें कर्मचारी अपनी इच्छा से छुट्टी ले सकते थे। लेकिन बाद में सरकार ने इस निर्णय पर पुनर्विचार किया।
मकर संक्रांति के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए सरकार ने अब 15 जनवरी 2026 को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है।
नए आदेश के अनुसार इस दिन प्रदेश भर में सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों और आम जनता को मकर संक्रांति पर्व मनाने में सुविधा मिलेगी।

