आगरा, 6 जून। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्थाओं तथा मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी लैब, नेत्र चिकित्सा कक्ष और दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक जीवनरक्षक एवं सामान्य उपयोग की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जच्चा-बच्चा वार्ड पहुंचकर वहां भर्ती महिलाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभों की समीक्षा करते हुए बैंक खातों के सत्यापन संबंधी अभिलेखों का अवलोकन किया। जांच में सभी विवरण निर्धारित मानकों के अनुरूप दर्ज पाए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं की सूची प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में कुल 97 प्रकार की जांचों में से 56 प्रकार की जांचें वर्तमान में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने जनरल वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय वार्ड में चार मरीज भर्ती थे, जिन्हें चिकित्सकीय परामर्श के बाद उसी दिन छुट्टी दे दी गई।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी खेरागढ़, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता, डॉ. आर.के. तथा श्री कुलदीप भारद्वाज सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवा उपलब्धता और जांच सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखा जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।

