संभल के नए CJM बने आदित्य सिंह, जामा मस्जिद का सर्वे करा चुके हैं
उत्तर प्रदेश में 14 जजों के तबादले
लखनऊ/संभल। उत्तर प्रदेश में न्यायिक प्रशासन के तहत बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। संभल में एएसपी अनुज पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश देने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) को हटा दिया गया है। उनकी जगह अब आदित्य सिंह को संभल का नया सीजेएम नियुक्त किया गया है।
नए सीजेएम आदित्य सिंह पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। वे उस दौरान सुर्खियों में आए थे जब उनके न्यायिक कार्यकाल में संभल की जामा मस्जिद का सर्वे कराया गया था। इस फैसले को लेकर उस समय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
सूत्रों के अनुसार, यह तबादला उत्तर प्रदेश में किए गए 14 जजों के स्थानांतरण का हिस्सा है। हाईकोर्ट की प्रशासनिक समिति द्वारा जारी आदेश के तहत कई जिलों में सीजेएम और अन्य न्यायिक अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
गौरतलब है कि एएसपी अनुज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश के बाद न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई थी। अब उसी मामले से जुड़े जज के तबादले को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है।

