तीन चरणों में होंगे आवेदन, जानिए पूरी प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज
आगरा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत आगरा जनपद के निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत निःशुल्क सीटों पर प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रवेश शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए कराया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गोंड ने जानकारी देते हुए बताया कि निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12 (1)(ग) के अंतर्गत जनपद के गैर-सहायतित मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में अलाभित समूह एवं दुर्बल वर्ग के बच्चों को पूर्व-प्राथमिक कक्षा एवं कक्षा-1 में 25 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश देना अनिवार्य है।
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन, लॉटरी और नामांकन की प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न की जाएगी।
पहला चरण
ऑनलाइन आवेदन: 02 फरवरी 2026 से 16 फरवरी 2026
सत्यापन एवं लॉकिंग: 02 से 16 फरवरी 2026
लॉटरी: 18 फरवरी 2026
नामांकन आदेश जारी होने की अंतिम तिथि: 20 फरवरी 2026
दूसरा चरण
ऑनलाइन आवेदन: 21 फरवरी 2026 से 07 मार्च 2026
सत्यापन एवं लॉकिंग: 21 फरवरी से 07 मार्च 2026
लॉटरी: 09 मार्च 2026
नामांकन आदेश की अंतिम तिथि: 11 मार्च 2026
तीसरा चरण
ऑनलाइन आवेदन: 12 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026
सत्यापन एवं लॉकिंग: 12 से 25 मार्च 2026
लॉटरी: 27 मार्च 2026
नामांकन आदेश की अंतिम तिथि: 29 मार्च 2026
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आवेदन के समय निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य होंगे—
बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
आधार कार्ड (बच्चे/अभिभावक का)
निवास प्रमाण पत्र
आय प्रमाण पत्र
जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
अलाभित समूह/दुर्बल वर्ग से संबंधित प्रमाण पत्र
बच्चे का पासपोर्ट साइज फोटो
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही व पूर्ण रूप से अपलोड करें, ताकि सत्यापन में किसी प्रकार की समस्या न आए।

