आगरा। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अनवरी नीलोफर गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिक्षिका सल्तनत फ़िरोज़ को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान प्रिंसिपल श्रीमती किरण यादव ने उन्हें शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रिंसिपल किरण यादव ने अपने संबोधन में कहा कि सल्तनत फ़िरोज़ एक मेहनती, अनुशासित और प्रेरणादायी शिक्षिका हैं, जिन्होंने छात्राओं के शैक्षणिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सल्तनत फ़िरोज़ ने विद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करती रहेंगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने तालियों की गूंज के साथ उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

