रोते हुए नीम तिराहा बैरियर की ओर जा रहा था मासूम, CCTV और रेडियो अनाउंसमेंट से तलाश हुई पूरी
आगरा,। फिरोजाबाद से ताजमहल देखने आए एक परिवार के लिए उस समय चिंता की स्थिति पैदा हो गई, जब उनका 6 वर्षीय बेटा ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास परिजनों से बिछड़ गया। हालांकि ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता के चलते महज 30 मिनट में बच्चे को उसके माता-पिता से मिला दिया गया।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद निवासी श्यामसुंदर अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। दोपहर करीब 2 बजे उनका 6 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार पश्चिमी प्रवेश द्वार से ताजमहल जाते समय परिजनों से अलग हो गया। बच्चा रोते हुए नीम तिराहा बैरियर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक शिवराज सिंह की नजर बच्चे पर पड़ी।
उन्होंने बच्चे को अपने पास बुलाकर रोने का कारण पूछा। निशांत ने बताया कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गया है, लेकिन घबराहट के कारण वह अपने परिवार के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे पा रहा था।
मामले की जानकारी तत्काल थाना ताज सुरक्षा के प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी को दी गई। उनके निर्देशन में पुलिस टीम ने बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की। इसके लिए CCTV फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट मैसेज का सहारा लिया गया।
पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप करीब 30 मिनट के भीतर बच्चे के माता-पिता को खोज लिया गया और निशांत को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे के मिलते ही उसकी मां भावुक हो गईं और रोने लगीं। वहीं बच्चे के पिता श्यामसुंदर ने आगरा पुलिस की तत्परता और सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल रहे
- उप निरीक्षक शिवराज सिंह
- उप निरीक्षक आशना बी
- मुख्य आरक्षी किरन पाल सिंह
- आरक्षी दुर्गेश कुमार
- महिला आरक्षी गुड्डी देवी
ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से एक बार फिर पर्यटकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

