वटेश्वर धाम, बाह में कृषि प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
आगरा।भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती एवं जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर कृषि विभाग द्वारा वटेश्वर धाम प्रांगण, बाह (आगरा) में “पारंपरिक विराट किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी” का भव्य आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह और ब्लॉक प्रमुख बाह श्री लाल सिंह चौहान उपस्थित रहे।

लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल (बसंत कुंज योजना, सेक्टर-जे) के लोकार्पण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन सहित वटेश्वर धाम प्रांगण में दिखाया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, किसानों एवं छात्र-छात्राओं ने देखा और सुना।
कृषि योजनाओं की जानकारी व वैज्ञानिक परामर्श
मेले में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों एवं कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया।
उप कृषि निदेशक, आगरा ने कृषकों को विभागीय योजनाओं—उन्नत बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, सोलर पंप, कृषि स्नातकों हेतु वन स्टॉप शॉप सहित अन्य योजनाओं—की जानकारी दी।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.एस. चौहान ने मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक प्रयोग, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं सागरिका के उपयोग तथा पाले की संभावना में आलू की फसल में हल्की सिंचाई की सलाह दी।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. पांडे ने पशुपालन विभाग की योजनाओं से किसानों को अवगत कराया।
श्री अन्न और स्वास्थ्य लाभों पर जोर
एनएफएसएम सलाहकार सलीम अली खां ने मोटे अनाज (श्री अन्न) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा इसके नियमित सेवन से होने वाले स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व छात्र-छात्राओं का सम्मान
सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने लोकगायन व लोकनृत्य प्रस्तुत किए। विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन पर कविता पाठ एवं गीत प्रस्तुत किए।
जनपद स्तरीय भाषण, काव्य पाठ एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
माध्यमिक स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 की धनराशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई, जबकि तहसील स्तर के प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र व मेडल से सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपायुक्त मनरेगा रामायण सिंह यादव, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय आगरा छावनी डॉ. मनीषा, केवीके बिचपुरी के वैज्ञानिकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
मंच संचालन डॉ. राजेश पाराशर ने किया।

