आगरा। महाराष्ट्र और राजस्थान को हराकर आगरा की श्वेता पारस ने राष्ट्रीय कुश्ती में बनाई टॉप-10 में जगह नंदिनी नगर में आयोजित अंडर-17 राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में आगरा की युवा पहलवान श्वेता पारस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के पहलवानों के बीच अपनी पहचान बनाई। 53 किलोग्राम भारवर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली श्वेता ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-10 में आठवां स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान श्वेता ने दमदार खेल दिखाते हुए महाराष्ट्र की पहलवान को 11-0 के बड़े अंतर से तथा राजस्थान की पहलवान को 3-2 से हराकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
श्वेता पारस पिछले दो वर्षों से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के रीजनल सेंटर में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां उनके कोच और प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी कौशल, शारीरिक फिटनेस तथा मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने लगभग तीन वर्ष पूर्व आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से कुश्ती की शुरुआत की थी।
53 किलोग्राम भारवर्ग की राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष-10 खिलाड़ियों में हरियाणा की 7, महाराष्ट्र की 1, दिल्ली की 1 और उत्तर प्रदेश की 1 खिलाड़ी शामिल रहीं। उत्तर प्रदेश की ओर से टॉप-10 में स्थान बनाने वाली एकमात्र खिलाड़ी श्वेता पारस रहीं, जिसने प्रदेश के लिए यह उपलब्धि और भी विशेष बना दी।
श्वेता की इस सफलता से आगरा और उत्तर प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

