महाराष्ट्र के अकोला जिले में मंगलवार को हुए चाकू से हमले में गंभीर रूप से घायल महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हिदायत पटेल का बुधवार सुबह इलाज के दौरान निधन हो गया। यह हमला अकोला जिले के अकोट कस्बे में उस समय हुआ, जब हिदायत पटेल नमाज़ अदा कर मस्जिद से बाहर निकल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे ओबैद पटेल नामक युवक ने अचानक हिदायत पटेल पर चाकू से कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल हिदायत पटेल स्वयं स्थानीय अस्पताल पहुंचे, लेकिन हालत बिगड़ने पर प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें अकोला के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 40 पुलिसकर्मियों की टीम के साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया। आरोपी हमले के बाद पास के जंगल में छिप गया था, जिसे मंगलवार शाम करीब 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय ओबैद पटेल के रूप में हुई है, जो पीड़ित की ही जाति का बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसकी मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस हमले का तत्काल कोई राजनीतिक कारण सामने नहीं आया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत और पारिवारिक दुश्मनी चली आ रही थी। उसने यह भी दावा किया कि हिदायत पटेल उसके परिवार की तरक्की और प्रभाव में बाधा डाल रहे थे और 2019 में उसके चाचा मतीन पटेल की हत्या में उनकी भूमिका थी। पुलिस ने कहा है कि आरोपी के इन सभी आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि हिदायत पटेल का वर्तमान में चल रहे नगर निगम चुनावों से कोई सीधा संबंध नहीं था। अकोट क्षेत्र ग्रामीण सीमा में आता है और नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में शामिल नहीं है। हालांकि, पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई अप्रत्यक्ष राजनीतिक पहलू तो नहीं है, या फिर यह पूरी तरह से निजी रंजिश का ही मामला है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

