नई दिल्ली। देशभर में चल रहे छात्र आंदोलनों और विभिन्न राज्यों में प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (PCC) के कार्यक्रमों को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अल्पसंख्यक विभाग ने 27 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विशाल धरना एवं प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया है। विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के आह्वान पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नेता अयाज़ खान अच्छू ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय के अनुपालन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी रूबी खान ने उत्तर प्रदेश के दलित एवं अल्पसंख्यक समाज के नाम एक आधिकारिक पत्र जारी कर आंदोलन स्थगित किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से नई तिथि की आधिकारिक घोषणा तक धैर्य बनाए रखने और संगठन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
अयाज़ खान अच्छू ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सुहेल अख्तर अंसारी के नेतृत्व में प्रदेश संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों से संगठनात्मक समन्वय बनाए रखने तथा आगामी कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के अनेक हिस्सों में छात्र अपने भविष्य, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने छात्र हितों को प्राथमिकता देते हुए जंतर-मंतर के प्रस्तावित कार्यक्रम की तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि आगे की रणनीति व्यापक स्तर पर तैयार की जा सके।
अयाज़ खान अच्छू ने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप कार्य करता रहेगा और नई तिथि घोषित होने के बाद कार्यक्रम को पहले से अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

