आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में लंबे समय से छात्र समस्याओं को लेकर संघर्षरत वरिष्ठ छात्र नेता अमित प्रताप यादव को समाजवादी पार्टी छात्र सभा, आगरा महानगर का तीसरी बार अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसकी घोषणा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर तथा आगरा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास द्वारा की गई।
इस अवसर पर शब्बीर अब्बास ने कहा कि अमित प्रताप यादव की पुनः नियुक्ति से विश्वविद्यालय परिसर में समाजवादी पार्टी छात्र सभा को और मजबूती मिलेगी और छात्र हितों की लड़ाई को नई दिशा प्राप्त होगी।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा तीसरी बार उन पर भरोसा जताया जाना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्र समस्याओं को लेकर उन्होंने सड़क से लेकर विश्वविद्यालय तक लगातार संघर्ष किया है। इस दौरान उनके खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हुए, उन्हें जेल भी जाना पड़ा, साथ ही भूख हड़ताल, धरना-प्रदर्शन जैसे कई आंदोलनों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उसी संघर्ष का परिणाम है।
अमित प्रताप यादव ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, और छात्र हितों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा।
इस नियुक्ति पर निर्वतमान जिला मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति सहित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

