नई दिल्ली। देर रात राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक महत्वपूर्ण आदेश में दिल्ली, पश्चिम बंगाल और बिहार समेत कुल 9 राज्यों के राज्यपालों और लेफ्टिनेंट गवर्नरों में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
सैयद अता हसनैन ने आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया है। आरिफ मोहम्मद खान ने पिछले वर्ष 2 जनवरी को बिहार के राज्यपाल का पदभार संभाला था, जिनका कार्यकाल अब समाप्त हो चुका है। इससे पहले वे केरल के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी रहे हैं। उन्होंने करीब 40 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा दी और अपने सैन्य जीवन में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही।
साल 2012 से 2014 के बीच वे श्रीनगर स्थित भारतीय सेना की 15 कोर, जिसे चिनार कोर के नाम से भी जाना जाता है, के कमांडर रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुरक्षा, शांति और स्थानीय जनता के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए कई पहलें कीं।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में उनकी नियुक्ति को अनुभव और नेतृत्व क्षमता के आधार पर एक महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।

