नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) का अत्याधुनिक फाइटर जेट Sukhoi Su-30MKI गुरुवार रात असम के Karbi Anglong जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के दो पायलटों की दुखद मौत हो गई।
वायुसेना के अनुसार यह फाइटर जेट एक नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। विमान ने असम के Jorhat एयरबेस से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान इसका संपर्क टूट गया। बताया गया कि विमान से आखिरी बार शाम 7 बजकर 42 मिनट पर संपर्क हुआ था, जिसके बाद वह रडार से गायब हो गया।
इसके बाद भारतीय वायुसेना ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात करीब 9 बजकर 34 मिनट पर विमान के लापता होने की आधिकारिक जानकारी दी गई। खोज अभियान के दौरान पता चला कि फाइटर जेट असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हो गया है।
Sukhoi Su-30MKI दो सीटों वाला अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है, जिसे रूसी कंपनी Sukhoi ने विकसित किया है और इसे भारतीय वायुसेना की रीढ़ माना जाता है।
भारतीय वायुसेना ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।

