कासगंज। सहावर में कार्यरत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) राजीव यादव का मंगलवार तड़के अचानक निधन हो गया। उनकी असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है और शिक्षक समुदाय में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
36 वर्षीय राजीव यादव कस्बा सहावर के बूथ नंबर 94, एम. ए. इस्लामिया इंटर कॉलेज में बीएलओ के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही वह विकास खंड सहावर के गांव चांदपुर स्थित एक विद्यालय में सहायक अध्यापक के रूप में भी कार्यरत थे। उनका मूल निवास जनपद मेरठ बताया जाता है, जबकि सहावर के रेलवे रोड पर वह किराए के मकान में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, हल्की बीमारी के चलते उन्होंने तीन दिन का अवकाश लिया था और अपनी एक रिश्तेदार के यहां चले गए थे। मंगलवार की रात उन्होंने अपने सहकर्मियों और परिचितों से बातचीत में कहा था कि अब स्वास्थ्य ठीक है और वह बुधवार सुबह से पुनः कार्य पर लौट आएंगे।
लेकिन मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिजन और परिचित स्तब्ध रह गए।
राजीव यादव का विवाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बीएलओ और सहायक अध्यापक के रूप में उनकी पहचान एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी की थी। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, सहकर्मी और शिक्षा विभाग के अधिकारी शोक व्यक्त करने पहुंचे।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दे।

