नई दिल्ली। आज के समय में आधार कार्ड हर नागरिक के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग सेवाओं से लेकर सरकारी योजनाओं और कई जरूरी कामों में इसकी आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में घर बदलने के बाद आधार में पता अपडेट कराना अक्सर लोगों के लिए परेशानी भरा साबित होता था।
अब UIDAI� ने इस प्रक्रिया को पहले से काफी आसान बना दिया है। नए नियम के तहत अब कुछ परिस्थितियों में पारंपरिक एड्रेस प्रूफ के बिना भी आधार कार्ड में पता बदला जा सकेगा।
पहले आधार में पता अपडेट कराने के लिए बिजली बिल, पानी का बिल, किरायानामा या अन्य सरकारी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होता था। लेकिन अब UIDAI ने “हेड ऑफ फैमिली” यानी परिवार के मुखिया की सुविधा शुरू की है। इसके जरिए परिवार के किसी सदस्य के आधार में दर्ज पते का उपयोग कर नया पता अपडेट कराया जा सकता है।
इस सुविधा के तहत पिता, माता, पति या पत्नी के आधार कार्ड में दर्ज पते को आधार बनाकर नया पता अपडेट किया जा सकता है। यह व्यवस्था खासतौर पर किराए के मकान में रहने वाले लोगों और उन नागरिकों के लिए राहतभरी मानी जा रही है जिनके नाम पर कोई वैध एड्रेस प्रूफ उपलब्ध नहीं है।
ऐसे करें आधार में पता अपडेट
सबसे पहले आधार ऐप या पोर्टल में लॉग इन करें।
“Address Update” विकल्प चुनें।
“Head of Family” के माध्यम से पता बदलने का विकल्प चुनें।
मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करें।
परिवार के मुखिया का आधार नंबर दर्ज करें।
रिश्ते की जानकारी भरें।
स्व-सत्यापन और फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
इसके बाद 75 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करें।
आवेदन जमा होने के बाद एक रिक्वेस्ट नंबर जारी किया जाएगा, जिसे परिवार के मुखिया के साथ साझा करना होगा। संबंधित व्यक्ति अपने आधार ऐप में जाकर अनुरोध को मंजूरी देगा। मंजूरी मिलते ही आधार कार्ड में नया पता अपडेट कर दिया जाएगा।

