20 दिसंबर से जेपी पैलेस होटल में 53वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस ‘ICE’ का आगाज़
इनोवेशन, कोलेबोरेशन और एक्सपेंशन के दम पर वैश्विक पहचान बनाएगा भारतीय पैकेजिंग उद्योग
आगरा। भारतीय कोरोगेटेड पैकेजिंग उद्योग के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (UPCBMA) द्वारा ताजनगरी आगरा में 53वीं एफसीबीएम (FCBM) नेशनल कॉन्फ्रेंस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 20 से 22 दिसंबर 2025 तक पंचतारा होटल जेपी पैलेस में आयोजित होगा। सम्मेलन की थीम ‘इनोवेशन, कोलेबोरेशन और एक्सपेंशन (ICE)’ रखी गई है।
उद्योग की दिशा बदलेगा आगरा कॉन्क्लेव
UPCBMA के अध्यक्ष एस. के. चौहान ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल एक वार्षिक बैठक नहीं, बल्कि कोरोगेटेड इंडस्ट्री के अगले दशक का रोडमैप तैयार करेगा। उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया की नजरें भारतीय पैकेजिंग सेक्टर पर हैं। आगरा में होने वाली यह कॉन्फ्रेंस तकनीक, नवाचार और व्यापारिक विस्तार की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।”
आयोजन की प्रमुख विशेषताएं
विशाल प्रदर्शनी एवं लाइव डेमो: 50,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैली प्रदर्शनी में अत्याधुनिक मशीनरी और ऑटोमेशन तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा।
देशभर के दिग्गजों की सहभागिता: 1500 से अधिक डेलीगेट्स और 100 से ज्यादा इवेंट पार्टनर्स सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
कोरू-क्लिनिक (Corru-Clinic): विशेषज्ञों द्वारा उद्यमियों की तकनीकी और व्यापारिक समस्याओं का मौके पर समाधान।
बायर–सेलर मीटअप: निर्माताओं और खरीदारों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए विशेष सत्र, जिससे नए व्यावसायिक करार संभव होंगे।
चुनौतियों पर मंथन और समाधान
सम्मेलन के दौरान कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, सरकारी एवं पर्यावरणीय नियम, लॉजिस्टिक्स और सस्टेनेबिलिटी जैसे अहम मुद्दों पर गहन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। देश-विदेश के विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध साझा करेंगे।
यह आयोजन न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स के लिए नई तकनीक अपनाने और वैश्विक मानकों को समझने का एक सशक्त मंच साबित होगा। ताजनगरी आगरा इस ऐतिहासिक आयोजन के साथ पैकेजिंग उद्योग में नई क्रांति का साक्षी बनने जा रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान UPCBMA के अध्यक्ष शीतल चौहान के साथ राजेंद्र भाटी, सुशील सूद, रविश दीक्षित, अजय शुक्ला, के. पी. सिंह, अरविंद चौहान, रामजीवन सिंह, हितेश सिंह, संजय गुप्ता, नवनीत अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

