कई राज्यों में सड़क पर नमाज अदा करने पर रोक अफसोस नाक : शाही इमाम पंजाब
लुधियाना .आज यहां शहर के फील्ड गंज चौक से जामा मस्जिद लुधियाना सहित विभिन्न मस्जिदों में लाखों मुसलमान ने ईद उल अज़हा की नमाज अदा की। इस मौके पर जामा मस्जिद में विभिन्न धर्मो व राजनैतिक पार्टीयों के नेता अपने मुसलमान भाईयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि ईद उल अज़हा हमें कुर्बानी करने का जज्बा देती है उन्होंने कहा कि यह ईद यह भी प्रेरणा देती है कि जब कभी देश को हमारे प्राणों की या धन दौलत की जरूरत हो तो उसे पेश किया जाए।

शाही इमाम ने कहा कि देश के कई राज्यों से खबरें देखने को मिलती है कि कुछ राज्य सरकारें ईद के समय सियासत कर रही हैं वहां नमाज को सड़क पर अदा करने से रोका जा रहा है जबकि बाकी सभी धर्म के विशेष दिनों में सड़कों पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं उन्होंने कहा कि किसी एक समुदाय के साथ ऐसा करना अफ़सोस नाक है यह भारत की स्वतंत्रत प्रणाली के विरुद्ध है उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए एक जैसा है ऐसा नहीं हो सकता कि किसी को इस सड़क पर आयोजन की परमिशन दी जाए और किसी को ताकत के बल से रोक कर अपनी ही पीठ थपथपाई जाए।
शाही इमाम ने कहा कि आज कल देश में फिरका प्रस्त ताकतें धर्म के नाम पर लोगों को बांटने में लगी हुई है इसलिए समूह भारतीयों को व अपने मुसलमान भाईयों को मैं कहना चाहता हूं कि अगर सभी को इन फिरकाप्रस्तों को नाकाम करने के लिए कुर्बानी देने की जरूरत पड़ी तो हम पीछे नहीं हटेगें। उन्होनें कहा कि पंजाब की रिवायतों में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है, जो लोग पंजाब में धर्म के नाम पर नफरत फैला कर अपनी राजनीति चमकाना चाहते है उनकों कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
इस मौके पर विधायक अशोक पराशर पप्पी, चौधरी मदन लाल बग्गा ने मुसलमान भाईचारे को ईद उल अज़हा की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद का दिन हर एक भारतीय के लिए खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एक मात्र ऐसा देश है जहां हर एक धर्म का त्योहार सभी लोग आपस में मिल जुल कर मनाते हैं। उन्होनें कहा कि जामा मस्जिद से हमेशा ही पंजाब में अमन और खुशहाली के लिए काम किया गया है। उन्होने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए बड़ी खुशी का दिन है और लुधियाना शहर सभी धर्मों के लोगों का एक गुलदस्ता है, इसके सभी फूल अपनी खुशबू के साथ माहौल को खुशगवार बना कर रखते हैं। उन्होंने कहा कि लुधियाना की यह ऐतिहासिक जामा मस्जिद जहां मुसलमानों का प्रमुख धार्मिक केन्द्र है, वहीं यह तमाम धर्मों के लोगों के लिए अमन और मुहब्बत की निशानी है। उन्होनें कहा कि ईद का दिन सिर्फ मुसलमान भाईयों के लिए ही नहीं बल्कि सभी भारतीयों के लिए खुशी का दिन है। हम दुआ करते है कि यह खुशियों भरी रीत हमेशा ऐसे ही चलती रहे।
इस मौके पर पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष संजय तलवाड़ ने कहा कि देश में ईद उल अज़हा का त्यौहार सभी धर्मों के लोग आपस में मिल-जुल कर मनाते है और पंजाब की मट्टी में प्यार ही प्यार है यहां नफरत के लिए कोई जगह नहीं।
इस मौके पर अपने मुस्लिम भाईयों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए गुरूद्वारा दुख निवारण साहिब के मुखय सेवादार प्रितपाल सिंह, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर,विधायक पुत्र विकास पराशर, गुलाम हसन कैसर, बलजीत सिंह बिन्द्रा, शिंगारा सिंह दाद व जामा मस्जिद लुधियाना के अध्यक्ष मुहम्मद मुस्तकीम ने कहा कि ईद उल अज़हा का त्यौहार हम सब को आपसी भाईचारे और अपने देश के प्रति कुर्बानी देने के लिए प्रेरित करता है। वर्णनयोग्य है कि आज ईद उल अज़हा के अवसर पर लुधियाना शहर की सभी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई और भारी गिनती में लोगों ने कुर्बानियां कीं, बच्चों में ईद को लेकर बहुत उत्साह पाया जा रहा था। इस मौके पर शाही इमाम पंजाब ने लुधियाना पुलिस और नगर निगम द्वारा किए गए प्रबंधों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

