लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हज-2027 की तैयारियों को नई गति मिली है। राज्यमंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आज़ाद अंसारी की पहल पर केंद्र सरकार ने हज-2027 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई 2026 कर दी है। इससे उन इच्छुक लोगों को अतिरिक्त समय मिलेगा जो अब तक आवेदन नहीं कर सके हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के अनुसार, पहली निर्धारित अंतिम तिथि के भीतर ही 19,280 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो पिछले नौ वर्षों में पहली बार तय समय-सीमा के भीतर प्राप्त होने वाला सर्वाधिक आंकड़ा है। हज कमेटी का अनुमान है कि अंतिम तिथि तक प्रदेश से कुल आवेदन 25 हजार से 30 हजार के बीच पहुंच सकते हैं।
हज मामलों के जानकारों का मानना है कि यह रिकॉर्ड आवेदन संख्या हज-2026 के सफल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित प्रबंधन पर हज यात्रियों के बढ़े विश्वास का प्रमाण है। पिछले वर्ष बेहतर सुविधाएं, समयबद्ध संचालन, प्रभावी समन्वय और त्वरित सहायता उपलब्ध कराए जाने का सकारात्मक प्रभाव इस वर्ष के आवेदनों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
राज्यमंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार हज यात्रियों को पारदर्शी, सुविधाजनक और सम्मानजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस बार आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल बनाया गया, जागरूकता अभियान चलाए गए तथा प्रत्येक जिले में बेहतर समन्वय स्थापित कर अभ्यर्थियों की सहायता सुनिश्चित की गई।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के सदस्यों, कार्यपालक अधिकारी, अधिकारियों-कर्मचारियों, जिला प्रशासन, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, विभिन्न मुस्लिम संगठनों, उलेमा-ए-किराम, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
राज्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 24 जुलाई तक आवेदन संख्या में और उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा पात्र एवं इच्छुक लोगों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा करें।

