कन्नौज । शहर में वाल पेंटिंग के ऊपर डिजिटल पोस्टर लगाए जाने के मामले को लेकर उठे विवाद के बीच पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह घटना उनकी जानकारी में आते ही तत्काल संज्ञान में ली गई और संबंधित कार्य को तुरंत रुकवा दिया गया।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में पूर्व विधायक ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि कुछ भाजपा नेताओं की वाल पेंटिंग के ऊपर उनके डिजिटल फ्लैक्स एवं वॉलपेपर लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने मामले की जांच कराई, जिसमें पता चला कि यह कार्य बाहर के कुछ अशिक्षित लड़कों द्वारा किया गया था।
उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी गई और आगे ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। सिद्दीकी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए विधिवत खाली स्थान चिन्हित करने के बाद ही डिजिटल वाल पेंटिंग अथवा पोस्टर लगाने का कार्य कराया जाएगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि समाजवादी विचारधारा सदैव प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की पक्षधर रही है। समाजवादियों के संस्कार में किसी व्यक्ति, दल या समुदाय का अपमान करना अथवा सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाना शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में अमन, शांति और भाईचारे का वातावरण बनाए रखना है तथा सभी वर्गों और समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।
ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने अपने बयान के अंत में कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द का सम्मान करते हैं तथा किसी भी प्रकार के विवादास्पद कार्य को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा।
— संवाददाता, टाइम्स ऑफ ताज
📞 समाचार एवं विज्ञापन हेतु: 9368313783
📧 timesoftaj@gmail.com
🌐 timesoftaj.com

