आगरा : शारदा वर्ल्ड स्कूल, कीठम में हैलोवीन डे बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के रामानुजन सभागार को आकर्षक कद्दुओं, डरावनी सजावटों और रंगीन लाइटों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण रोमांच और आनंद से भर उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षिका सिमरा सईद द्वारा परिचय से हुई, जिसके बाद मंच संचालन छात्रा अनायरा जैन ने किया। उद्घाटन एक मनोरंजक स्किट से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने डरावने और मजेदार किरदारों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने सभागार में उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यार्थियों ने हैलोवीन थीम पर कविताओं का वाचन भी किया, जिनमें उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा ‘बेस्ट कॉस्ट्यूम परेड’, जिसमें बच्चों ने चुड़ैल, भूत, जादूगर आदि के रूप में रंग-बिरंगे परिधानों में मंच पर अपनी झलक प्रस्तुत की। उनकी अनोखी वेशभूषा और अभिनय ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर एच.ओ.एस. सत्याकी बैनर्जी ने विद्यार्थियों की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और उत्साह की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
शारदा ग्रुप के सीईओ प्रशांत गुप्ता ने भी इस अवसर पर शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह आयोजन विद्यालय के लिए एक अविस्मरणीय दिवस साबित हुआ, जिसने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यार्थियों की सृजनात्मकता को नए आयाम दिए।

