लंदन, | Times of TAJ Digital Desk
हिंदूजा ग्रुप के चेयरमैन और भारत के सबसे धनी कारोबारी परिवारों में शामिल गोपीचंद हिंदूजा का लंदन में निधन हो गया। वे पिछले कई हफ्तों से लंदन के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से कारोबारी जगत में शोक की लहर है।
गोपीचंद हिंदूजा, हिंदूजा भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उन्होंने अपने बड़े भाई श्रीचंद हिंदूजा के साथ मिलकर हिंदूजा ग्रुप को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और मजबूती प्रदान की। ग्रुप का व्यापार बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, स्वास्थ्य, ट्रेडिंग और रियल एस्टेट जैसे कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। फोर्ब्स की सूची में हिंदूजा परिवार लगातार दुनिया के धनी परिवारों में शीर्ष स्थानों पर बना रहा।
गोपीचंद हिंदूजा के नेतृत्व में ग्रुप ने कई बड़े देशों में निवेश बढ़ाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबारी साझेदारियां कीं। उन्हें सूझबूझ, शांत नेतृत्व और बिजनेस विस्तार की रणनीति के लिए जाना जाता था।

